जापानी इंसेफेलाइटिस एवं लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव हेतु सुअर बाड़ों में हुआ छिड़काव

बैतालपुर, देवरिया। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अन्तर्गत पशुपालन विभाग द्वारा विकास खण्ड बैतालपुर के सात ग्राम पंचायतों - रनिहवां, उधोपुर, बलटिकरा, महुआडीह, भूड़ीपाकड़, करौंदी एवं करंज में सघन अभियान चलाया गया।
अभियान में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव एवं पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने सुअर पालकों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सुअर पालकों को पम्पलेट वितरित कर जापानी इंसेफेलाइटिस (जे.ई.) एवं लेप्टोस्पायरोसिस जैसी बीमारियों के लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि इन बीमारियों से बचाव के लिए सुअर बाड़ों की नियमित सफाई, बाड़ों को आबादी से दूर रखना, जल जमाव रोकना तथा मच्छरों से बचाव अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान सुअर पालकों को कृमिनाशक दवाएं भी वितरित की गईं।साथ ही सभी गांवों के सुअर बाड़ों में कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव भी कराया गया। छिड़काव एवं अभियान में महेन्द्र यादव, सुभाष चन्द्र, आयुष श्रीवास्तव एवं सुनील कुमार ने विशेष सहयोग किया।