छठ महापर्व को लेकर अलर्ट प्रशासन, डीएम और एसपी ने विभिन्न घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण

आलापुर (अम्बेडकर नगर)। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह एवं संबंधित अधिकारियों के साथ तहसील आलापुर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चहोड़ा घाट, रामबाग घाट, थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के कम्हरिया घाट तथा राजेसुल्तानपुर पोखरे सहित विभिन्न घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी आलापुर, थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर, थानाध्यक्ष जहांगीरगंज, खंड विकास अधिकारी जहांगीरगंज तथा नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर के कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।