कम नंबर आए तो घर छोड़ निकली 12वीं की छात्रा, जीआरपी की सतर्कता से कासगंज स्टेशन पर मिली

कासगंज। परीक्षा और टेस्ट में कम नंबर आने से परेशान 12वीं की 16 वर्षीय छात्रा बिना बताए घर से निकल गई। अछनेरा से कासगंज आने वाली पैसेंजर ट्रेन में छात्रा के होने की सूचना मिलते ही जीआरपी कासगंज सक्रिय हो गई। रेलवे स्टेशनों और ट्रेन में तैनात पुलिसकर्मियों को तलाश में लगाया गया। चेकिंग के दौरान छात्रा कासगंज रेलवे स्टेशन पर मिल गई।

आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के भरनी मोहल्ला निवासी भूमि अग्रवाल पुत्री शिवकुमार अग्रवाल कक्षा 12 की छात्रा है। परीक्षा और टेस्ट में कम नंबर आने को लेकर वह परेशान थी। इसी कारण वह घर पर बिना बताए निकल गई। थाना अछनेरा के उपनिरीक्षक अनुराग ने जीआरपी कासगंज के सीयूजी नंबर पर इसकी सूचना दी। छात्रा के ट्रेन संख्या 55334 अछनेरा-कासगंज पैसेंजर से जाने की जानकारी दी गई।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष जीआरपी कासगंज कोमल कुन्तल ने सिकंदराराऊ, अगसौली, मारहरा और कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों तथा ट्रेन स्कोर्ट में तैनात पुलिस बल को छात्रा की तलाश के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल चेकिंग शुरू की। इसी दौरान छात्रा कासगंज रेलवे स्टेशन पर मिल गई।

जीआरपी ने छात्रा को उसके पिता शिवकुमार अग्रवाल और परिवारीजनों की मौजूदगी में थाना अछनेरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। छात्रा के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

छात्रा को तलाश कर सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विपिन कुमार और महिला आरक्षी शिवानी शामिल रहीं।