ओड़गी पंचायत में कचरे का अंबार, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल मुख्य सड़क किनारे जमा हो रहा घरेलू कचरा, दुर्गंध और जहरीले जीव-जंतुओं से ग्रामीण परेशान

बैकुण्ठपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओड़गी में सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पंचायत क्षेत्र में कलेक्टर बंगला मार्ग की मुख्य सड़क के किनारे बड़ी मात्रा में घरों से निकलने वाला अपशिष्ट पदार्थ एवं कूड़ा-कचरा एकत्रित किया जा रहा है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण यहां कचरे का अंबार लग गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे खुले में कचरा जमा होने से बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। कचरे से निकलने वाली दुर्गंध के साथ-साथ मच्छर, मक्खी तथा जहरीले जीव-जंतुओं के पनपने की आशंका बनी हुई है। इससे आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की चिंता भी बढ़ गई है।

सफाई के नाम पर खर्च, फिर भी जमीनी स्थिति बदहाल

ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और कचरा प्रबंधन के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई जाती है। इसके बावजूद यदि मुख्य सड़क के किनारे इस तरह खुले में कचरा जमा हो रहा है तो पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है मुख्य मार्ग पर कचरे का ढेर होने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत से नियमित सफाई कराने, कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने तथा सड़क किनारे कूड़ा जमा करने पर रोक लगाने की मांग की है अब देखना होगा कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं और लंबे समय से जमा कचरे के निस्तारण को लेकर कब तक कार्रवाई होती है।