अम्बाला मंडल में गरिमा के साथ मनाया गया संविधान दिवस, रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

अम्बाला मंडल में गरिमा के साथ मनाया गया संविधान दिवस, रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

संविधान के आदर्शों पर चलने और कर्तव्यों के निर्वहन का लिया संकल्प

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अम्बाला छावनी स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक देवी सिंह मीणा की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों के योगदान, दूरदर्शिता और अथक परिश्रम को याद किया गया। इसके बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक देवी सिंह मीणा सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।

इस अवसर पर संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर चलने की प्रेरणा देता है। रेलवे कर्मचारियों से आह्वान किया गया कि वे संविधान में निहित मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों और व्यवहार में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दें।

कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि रेलवे जैसे जनसेवा से जुड़े संस्थान में पारदर्शिता, ईमानदारी, निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करना संविधान की भावना के अनुरूप है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ करने का संकल्प लिया। संविधान दिवस का आयोजन रेलकर्मियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला रहा।