अदालत का फरमान भी बेअसर! आखिर किसके भरोसे है देहात कोतवाली पुलिस? अपने ही घर में हक और सुरक्षा के लिए भटक रही बेवा अनीता गुप्ता

अदालत का फरमान भी बेअसर! आखिर किसके भरोसे है देहात कोतवाली पुलिस? अपने ही घर में हक और सुरक्षा के लिए भटक रही बेवा अनीता गुप्ता

न्यायालय ने संरक्षण का आदेश दिया, लेकिन पीड़िता का आरोप_पुलिस के दरवाजे पर दस्तक देने के बाद भी नहीं मिली राहत

#Hardoi 

पति का साया उठ गया, जिंदगी से खुशियों का सहारा छिन गया, लेकिन बेवा अनीता गुप्ता की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। जिस घर में कभी पति के साथ गृहस्थी बसाई, आज उसी घर में अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ने को मजबूर हैं। अदालत की चौखट तक पहुंचीं, न्यायालय से संरक्षण का आदेश भी मिला, मगर पीड़िता का आरोप है कि देहात कोतवाली पुलिस के दरवाजे पर उनकी फरियाद अब तक असर नहीं दिखा सकी।

मामला नारायण पेट्रोल पंप,पिहानी चुंगी के सामने वाली गली का है। अनीता गुप्ता के मुताबिक, उनके पति रमेश गुप्ता का करीब दो वर्ष पूर्व ब्रेन हेमरेज से निधन हो गया था। पति की मौत के बाद जमीन-जायदाद को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कई बार पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन कथित तौर पर कोई ठोस राहत नहीं मिली।

जब थाने से नहीं मिली राहत, तो अदालत पहुंची बेवा!

आखिरकार अनीता गुप्ता ने हार मानने के बजाय कानून का दरवाजा खटखटाया। घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 की धारा 12 के तहत सरोज गुप्ता, विनोद गुप्ता, छोटे भैया, गंगाजली गुप्ता, सुनीता गुप्ता, मुन्नी देवी, विनीता गुप्ता एवं निखिल गुप्ता के विरुद्ध न्यायालय में वाद दाखिल किया।

न्यायालय ने 15 अक्टूबर 2026 को एकपक्षीय आदेश पारित करते हुए पीड़िता के संरक्षण के संबंध में निर्देश दिए। आदेश में विपक्षीगण को महिला के पति स्वर्गीय रमेश गुप्ता के आवासीय मकान में अनावश्यक हस्तक्षेप करने से रोकने तथा उन्हें अपनी गृहस्थी का उपयोग करने देने की बात कही गई। साथ ही शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक हिंसा अथवा अपमानित करने जैसी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश भी दिए गए।

साहब! अदालत का आदेश लेकर कहां-कहां भटके बेवा?

पीड़िता का कहना है कि न्यायालय का आदेश लेकर देहात कोतवाली पुलिस के सामने अपनी पीड़ा रखी, मगर अब तक उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली। सवाल यह है कि जब एक महिला न्यायालय से संरक्षण का आदेश लेकर पहुंच रही है, तो उसकी शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति क्या है? आदेश के अनुपालन में पुलिस ने अब तक क्या कदम उठाए?

आखिर एक विधवा महिला को अपने ही घर में सम्मान और सुरक्षा के लिए कितनी बार थाने की चौखट पर माथा टेकना पड़ेगा? क्या न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए भी पीड़िता को अधिकारियों के चक्कर काटने होंगे?

अब प्रशासन की जवाबदेही का इम्तिहान!

अनीता गुप्ता ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए और उन्हें उनके आवासीय अधिकारों के संरक्षण के साथ सुरक्षा प्रदान की जाए।

अब निगाहें देहात कोतवाली पुलिस और जिला पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं। संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष और आदेश के अनुपालन में उठाए गए कदम भी सामने आना जरूरी है।

याद रखिए साहब! बेवा की आवाज कमजोर हो सकती है, लेकिन उसके अधिकार कमजोर नहीं होते। अदालत का दरवाजा खटखटाकर न्याय मांगना उसका अधिकार है, कोई एहसान नहीं। कानून की ताकत कागजों में नहीं, जरूरतमंद को मिलने वाली वास्तविक राहत में दिखाई देनी चाहिए।

#highlightseveryone #HardoiPolice #MYogiAdityanath #YogiAdityanath #DGPUttarPradesh #igranjlucknow #highlightseveryonefollowers #hardoi 

UP Police भाजपा महिला मोर्चा हरदोई