अजमेर मंडल में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया संविधान दिवस, एडीआरएम विकास बूरा के नेतृत्व में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

अजमेर मंडल में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया संविधान दिवस, एडीआरएम विकास बूरा के नेतृत्व में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोहराई संविधान के प्रति प्रतिबद्धता

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल कार्यालय के पोर्च में अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा के नेतृत्व एवं गरिमामयी उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठ किया। इसके बाद उपस्थित रेल अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने एक स्वर में प्रस्तावना को दोहराया। सामूहिक वाचन के माध्यम से सभी रेलकर्मियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के साथ नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने वाले संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

इस अवसर पर संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे मूल्यों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव सहित विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। सामूहिक प्रस्तावना वाचन के माध्यम से अजमेर मंडल के रेलकर्मियों ने संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।