अंबाला मंडल में स्वच्छता अभियान, रेल पटरियों की हुई गहन सफाई

अंबाला मंडल में स्वच्छता अभियान, रेल पटरियों की हुई गहन सफाई

स्वच्छता पखवाड़े में रेलवे का विशेष अभियान

अंबाला। भारतीय रेल के स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल में रेलवे स्टेशनों, रेल परिसरों और रेल पटरियों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। तीन दिनों तक चले इस अभियान में सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रेल पटरियों से प्लास्टिक कचरा, ठोस अपशिष्ट तथा अन्य गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों के मुख्य ट्रैक, प्लेटफॉर्म के समीप स्थित रेल पटरियों और यार्ड क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य रेल परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

अंबाला मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के समर्पण और मेहनत की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशनों और रेल पटरियों की नियमित सफाई यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ स्वच्छता एवं सुरक्षा के मानकों को बनाए रखने के लिए भी जरूरी है।

सफाई बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कहा कि स्वच्छता केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि रेल यात्रियों और आमजन की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और रेल पटरियों पर कचरा न फेंकें, कूड़ेदान का उपयोग करें और रेलवे परिसर को साफ रखने में सहयोग दें। इस अभियान के माध्यम से ?स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत, विकसित भारत? के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।