हिंदी निबंध प्रतियोगिता में शिवलाल द्वितीय, कीर्ति कणिक को प्रेरणा पुरस्कार

हिंदी निबंध प्रतियोगिता में शिवलाल द्वितीय, कीर्ति कणिक को प्रेरणा पुरस्कार

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय हिंदी निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जोधपुर मंडल के दो कर्मचारियों ने उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता में जोधपुर कारखाना के मुख्य अनुदेशक शिवलाल जयसिंह पुरोहित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि यातायात लेखा विभाग की वरिष्ठ लेखाकार कीर्ति कणिक को प्रेरणा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दोनों कर्मचारियों को जयपुर में आयोजित समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने पुरस्कृत किया।

राजभाषा अधिकारी भंवर सिंह मीना ने बताया कि शिवलाल जयसिंह पुरोहित को 1600 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं कीर्ति कणिक को 800 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों कर्मचारियों की इस उपलब्धि से जोधपुर मंडल का गौरव बढ़ा है।

जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में सोमवार को राजभाषा पखवाड़ा-2026 के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पूरे वर्ष हिंदी में सराहनीय कार्य करने वाले कुल 62 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

रेलवे में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने और कर्मचारियों की प्रतिभा को सम्मान देने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण रहा। जोधपुर मंडल के दोनों कर्मचारियों की सफलता ने हिंदी में कार्य करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित किया है।