हरदोई में सर्राफा व्यापारी से चांदी लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली, चालक ही निकला लूट की साजिश का मास्टरमाइंड

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को हुई चांदी लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात शाहाबाद बाईपास पर चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सुशील और विमल पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि अमन और करन को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को हृदयराम सोनी निवासी ठाकुरगंज, लखनऊ अपने चालक के साथ वैगनार कार से शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे। शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास बिना नंबर की कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार रोकी और शीशा तोड़कर करीब पांच किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया था। मामले में एसपी अशोक कुमार मीणा ने जांच कर एएसपी पश्चिमी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में टीम लगाकर खुलासे के निर्देश दिए थे। और पीड़ित की शिकायत पर थाना शाहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार, लूटी गई चांदी, दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी करन पीड़ित हृदयराम का चालक था। आरोप है कि उसने चांदी ले जाने की जानकारी अपने साथियों को दी थी। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित 17.5 किलो चांदी लेकर जा रहे थे, जिसमें से पांच किलो चांदी बदमाशों ने लूट ली थी। 
सीओ शाहाबाद संतोष सिंह ने बताया कि घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।