हरदोई में शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा, युवती के इनकार पर किया हंगामा

हरदोई। मल्लावां कस्बे के सुभाष पार्क में एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। प्रेम प्रसंग में शादी का दबाव बनाने के लिए युवक टावर पर चढ़ गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, मल्लावां कस्बे के मोहल्ला बंदीपुर निवासी अजय राठौर (पुत्र रामकुमार राठौर) शटरिंग का काम करता है। बताया जा रहा है कि उसका क्षेत्र की एक दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम प्रसंग था। युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के इनकार करने पर वह नाराज हो गया। इसके बाद शादी के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से वह सुभाष नगर स्थित बंद पड़े डोकोमो मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा।
युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मल्लावां कोतवाल मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद युवक नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।
पुलिस ने युवक को सकुशल नीचे उतारने के बाद हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई। वहां उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।