हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर बस और ई-रिक्शा की भिड़ंत, दो की मौत, पांच घायल

हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र में हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर कसरावां पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार को बस और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि शुक्रवार 11 सितंबर 2026 को करीब सुबह 10 बजे कोतवाली शहर पुलिस को हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर कसरावां पेट्रोल पंप के पास बस और ई-रिक्शा की टक्कर की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने हादसे में घायल सात लोगों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरदोई पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो घायलों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दिनेश पुत्र रामसनेही निवासी तेरिया, थाना सांडी तथा लाल पुत्र कमलेश निवासी जरौली शेरपुर, थाना बिलग्राम के रूप में हुई है।
हादसे में घायल पांच अन्य लोगों का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।