हरदोई पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों का सम्मान, अपराध नियंत्रण में भूमिका को सराहा, मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण भी दिखाया

हरदोई। पुलिस लाइन में मंगलवार को जनपद स्तरीय ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आयोजित 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि गांवों में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने और विभिन्न मामलों में पुलिस को सहयोग उपलब्ध कराने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका होती है। वे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों के योगदान को देखते हुए मुख्यमंत्री ने उनके मानदेय में वृद्धि की है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हो रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के कार्यों और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस को समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। समारोह का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन करना और उनके योगदान को सम्मान देना रहा।