हरदोई के माधौगंज क्षेत्र में देह व्यापार और पुलिस संरक्षण के गंभीर आरोप, दरोगा-सिपाही की भूमिका पर उठे सवाल, शिकायत के बाद भी कार्रवाई न करने का आरोप

हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रा लखनपुर में कथित देह व्यापार और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी कन्हैया बक्श सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री पोर्टल, महिला आयोग और डीजीपी को शिकायत भेजकर गांव के कुछ लोगों पर युवतियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और उन्हें अनैतिक देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया है। शिकायत में स्थानीय दरोगा शुभम सिंह और सिपाही विपुल की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गांव में मोबाइल मरम्मत की दुकान चलाने वाला गोलू और परचून दुकानदार धीरेन्द्र उर्फ रिंकू कथित तौर पर लड़कियों को मोबाइल और रुपये का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं। आरोप है कि युवतियों को किराये के कमरों में रखकर उनसे अनैतिक गतिविधियां कराई जाती हैं और इसके बदले लोगों से रुपये वसूले जाते हैं।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि इस कथित गतिविधि को माधौगंज थाने में तैनात दरोगा शुभम सिंह और सिपाही विपुल का संरक्षण प्राप्त है। शिकायत में पुलिसकर्मियों पर आरोपियों से नजदीकी रखने और अवैध कमाई में हिस्सेदारी करने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कन्हैया बक्श सिंह का कहना है कि करीब दो महीने पहले भी अधिकारियों को शिकायत और साक्ष्य दिए गए थे, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच स्थानीय थाने के बजाय सीओ सिटी या किसी अन्य स्वतंत्र उच्च अधिकारी से कराई जाए। साथ ही आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। फिलहाल इस मामले में किसी संबंधित अधिकारी का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।