स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में बांटे गए 600 पौधे

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सूबेदारगंज में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत मंगलवार को वृहद पौध वितरण अभियान आयोजित किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

उत्तर मध्य रेलवे में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सभी मंडलों, कारखानों, इकाइयों और कार्यालयों में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने महाप्रबंधक का स्वागत किया और पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर कर्मचारियों को जागरूक किया।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण का संदेश देते हुए सभी विभागाध्यक्षों को एक-एक पौधा प्रदान किया। उन्होंने रेलकर्मियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने और इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

अभियान के तहत उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के कर्मचारियों को 600 पौधे वितरित किए गए। इन पौधों को कर्मचारी आगामी 2 अक्टूबर को ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के तहत अपने घरों में लगाएंगे। इस पहल के जरिए रेलवे कर्मचारियों को अपने परिवार के साथ पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पौधरोपण अभियान की निगरानी और सहभागिता दर्ज करने के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई। इसके माध्यम से कर्मचारी पौधरोपण के बाद अपनी तस्वीर साझा कर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्यालय के मुख्य पर्यावरण एवं स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार की अध्यक्षता में पर्यावरण अनुभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी बनाने का संकल्प लिया।