सुहावने मौसम में श्रद्धालुओं का बढ़ा उत्साह, जयकारों के बीच भवन की ओर बढ़ते रहे भक्त, श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों ने संभाली व्यवस्थाएं

सप्ताहांत पर मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भक्तिमय हुआ कटड़ा

सुहावने मौसम में श्रद्धालुओं का बढ़ा उत्साह, जयकारों के बीच भवन की ओर बढ़ते रहे भक्त, श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों ने संभाली व्यवस्थाएं

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के प्रति अटूट आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा सप्ताहांत पर कटड़ा में देखने को मिला। मौसम सुहावना रहने के साथ ही शनिवार और रविवार को माता के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे भक्तों के जयकारों से यात्रा मार्ग भक्तिमय नजर आया। परिवार और मित्रों के साथ पहुंचे श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां के भवन की ओर बढ़ते रहे।

शनिवार को करीब 44 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। वहीं, रविवार को शाम 5 बजे तक लगभग 26 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। पंजीकरण का समय पूरा होने में अभी 5 घंटे शेष थे, जिससे दिनभर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन 22 हजार से 26 हजार के बीच श्रद्धालु यात्रा करते हैं, वहीं सप्ताहांत पर भक्तों की बढ़ती संख्या माता के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है।

रविवार को कटड़ा में दिनभर खिली धूप और सुहावने मौसम ने श्रद्धालुओं की यात्रा को और आनंदमय बना दिया। कोई परिवार के साथ मां के दर्शन के लिए पहुंचा तो कोई दोस्तों और परिचितों के साथ जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ता नजर आया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और मन में मां के दर्शन की लालसा दिखाई दी। भवन पहुंचकर भक्तों ने मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर भविष्य की कामना की।

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। संबंधित विभागों के कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुविधाजनक अनुभव मिल सके। वहीं, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारी तथा जवान भी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रख रहे हैं।

मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ कटड़ा की धार्मिक पहचान और देशभर के भक्तों की गहरी आस्था को दर्शाती है। सप्ताहांत पर बढ़ी रौनक से कटड़ा का माहौल भी भक्तिमय बना रहा। मां के जयकारों के बीच आगे बढ़ते श्रद्धालुओं की आस्था ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचना लाखों भक्तों के लिए श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक शांति का विशेष अनुभव है।