सीएमओ के निर्देश पर नगला महुआ में शनिवार को भी पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

*सीएमओ के निर्देश पर नगला महुआ में शनिवार को भी पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम*

*घर घर पहुंचकर ग्रामीणों का जाना हाल,जल भराव वाले स्थानों पर छिड़काव*

बेवर।

विकासखंड बेवर के गांव नगला महुआ में बुखार से बीते मंगलवार को नौ वर्षीय बालिका तथा गुरुवार को छः वर्षीय उसके भाई की मौत हो गई थी।दुखद घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शुक्रवार को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच कर मौसमी बीमारियों की दवाइयां वितरित की थीं।सीएमओ के निर्देश पर शनिवार को भी गांव में चिकित्साधिकारी डॉक्टर मनीष प्रताप सिंह कुशवाह के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों को दवाइयां वितरित की गईं।

बताते चलें कि गांव नगला महुआ में घनश्याम राठौर की नौ वर्षीय पुत्री वैष्णवी की बुखार के चलते मंगलवार को मौत हो गई थी।परिवार इस दुखद घटना से उबर नहीं पाया था कि उनके छह वर्षीय पुत्र कार्तिक की भी बुखार आने के चलते मौत हो गई।गांव में अचानक बुखार से हुई मौतों को लेकर गांव के लोग दहशत में आ गए।सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लगातार गांव में स्वास्थ्य परीक्षण कर ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों की दवा वितरित की जा रही है।शनिवार को डॉक्टर मनीष प्रताप सिंह कुशवाह द्वारा गांव में घर घर पहुंचकर लोगों को घरों में साफ सफाई रखने तथा आसपास जलभराव न होने की सलाह दी।उन्होंने गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया।डॉक्टर कुशवाह ने ग्रामीणों को सलाह देते हुए कहा कि बुखार आदि किसी बीमारी को लेकर किसी झोलाछाप से इलाज न लें अथवा स्वयं बीमारी का इलाज न करें,सरकारी अस्पतालों में इलाज के पर्याप्त इंतजाम हैं।सोते समय मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी गई।स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजीव तिवारी, फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार, वार्ड बॉय राहुल मिश्रा, लैब टैक्नीशियन योगेंद्र सिंह राजपूत,नितिन यादव समेत आशा और आंगनबाड़ी मौजूद रहीं।शिविर में 18मरीजों का परीक्षण किया गया जिसमें चार मरीजों का रक्त नमूना लिया गया, जिसमें सभी नेगेटिव पाए गए। एक मरीज का डेंगू चेक किया गया वह भी नेगेटिव पाया गया एवं दो मरीजों का टाइफाइड परीक्षण हुआ जिसमें एक मरीज पॉजिटिव पाया गया।

फोटो परिचय/

नगला महुआ में पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाती स्वास्थ्य विभाग की टीम

गांव नगला सुदामा में एंटी लार्वा छिड़काव कराती स्वास्थ्य विभाग की टीम