सियालदह मंडल में पहली बार आयोजित हुई जेम कार्यशाला

कोलकाता। सियालदह मंडल में सामान्य वस्तुओं और सेवाओं की खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पहली बार जेम कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को जेम के नवीनतम संस्करण 4.0 प्लेटफॉर्म की खरीद प्रक्रियाओं, सेवाओं और नई सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में नई दिल्ली से जेम के निदेशक अनुज कुमार और निदेशक सायंतन रॉय अतिथि वक्ता के रूप में शामिल हुए। सियालदह मंडल के विभिन्न विभागों के 250 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ पूर्व रेलवे के अन्य मंडलों, कार्यशालाओं, मुख्यालय और ब्रेथवेट जैसी संस्थाओं के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक आशीष कुमार मित्र के नेतृत्व में तथा मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना के मार्गदर्शन में किया गया। विशेषज्ञों ने जेम पोर्टल के उपयोग के दौरान आने वाली सामान्य तकनीकी समस्याओं, खरीद प्रक्रिया और विक्रेताओं के बिल भुगतान से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों की तकनीकी एवं परिचालन संबंधी शंकाओं का भी समाधान किया गया।

कार्यशाला में जेम को सरकारी खरीद के लिए व्यापक डिजिटल बाजार के रूप में विकसित मंच बताते हुए पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित खरीद प्रक्रियाओं के अनुपालन पर जोर दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि जेम सरकारी खरीद के लिए पारदर्शी और सुव्यवस्थित मंच उपलब्ध कराता है। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अद्यतन प्रणाली से परिचित कराना और इसके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देना है, जिससे खरीद प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुगम हो सके।