साहित्य साधना से समाज और संस्कृति को समृद्ध कर रहीं शिक्षिका एवं साहित्यकार ज्योत्स्ना सिंह

  •  400 से अधिक सम्मान और प्रशस्ति पत्र प्राप्त कर चुकी है अब तक

पटना। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ साहित्य की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाने वाली शिक्षिका एवं साहित्यकार ज्योत्स्ना सिंह की लेखनी निरंतर समाज, प्रकृति, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को स्वर दे रही है। कविता, कहानी, लघुकथा, संस्मरण और एकांकी जैसी विविध विधाओं में लेखन के जरिए उन्होंने साहित्यिक जगत में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई है। उनकी रचनाएं कई साझा काव्य संग्रहों में प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें 'काव्य क्षितिज', 'क्योंकि मैं स्त्री हूँ', 'नटखट बचपन', 'अन्तःनिनाद' और 'स्मृति' प्रमुख हैं।

ज्योत्स्ना सिंह वर्ष 2010 से उत्तर प्रदेश लेखिका मंच, आगरा की सदस्य हैं। इसके साथ ही वह अखिल भारतीय काव्य कॉर्नर फाउंडेशन (उत्तर प्रदेश) की सलाहकार तथा विश्व साहित्य सेवा संस्थान के फेसबुक पेज की राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व भी संभाला है। विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में उनकी कहानियां, लघुकथाएं, संस्मरण, एकांकी और कविताएं नियमित रूप से प्रकाशित होती रही हैं। देश के विभिन्न साहित्यिक मंचों पर उन्होंने काव्यपाठ एवं अपनी रचनाओं की प्रस्तुतियां दी हैं। रेडियो मधुवन पर भी उन्हें समय-समय पर काव्यपाठ का अवसर मिला है। उत्तर प्रदेश लेखिका मंच की वार्षिक पत्रिका 'अन्तःनिनाद' के सत्र 2021-22 की समीक्षा करना भी उनकी साहित्यिक उपलब्धियों में शामिल है। 

उनकी साहित्यिक साधना का एक विशेष पक्ष भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण है। वर्ष 2025 में उन्होंने फेसबुक के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता पर विशेष कार्य किया। वहीं वर्ष 2026 में उनकी लेखनी समाज, प्रकृति, महान व्यक्तित्वों, महान कवियों और देश की पावन नदियों को समर्पित रही। उन्होंने नदियों की भौगोलिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को शोधपरक तथ्यों तथा भावपूर्ण काव्य के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास किया। उनका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी माटी, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।

साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न संस्थाओं ने सम्मानित भी किया है। कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में कला भारती फाउंडेशन की ओर से उन्हें 'हिल्स एक्सीलेंस अवार्ड 2025' से सम्मानित किया गया। इसके अलावा साहित्य रत्न सम्मान, साहित्य श्री सम्मान, आदिशक्ति सम्मान, श्रेष्ठ सृजन सम्मान, सूर साधक सम्मान, साहित्य सृजक सम्मान, वीरांगना रानी दुर्गावती सम्मान, महान रानी लक्ष्मीबाई स्मृति सम्मान और भारत रत्न पं. मदन मोहन मालवीय मानस संतति सम्मान सहित 400 से अधिक सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र उन्हें प्राप्त हो चुके हैं।

ज्योत्स्ना सिंह की साहित्यिक यात्रा इस बात का उदाहरण है कि साहित्य केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को उसकी जड़ों, संस्कृति और संवेदनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उनकी निरंतर लेखनी और साहित्य के प्रति समर्पण उन्हें साहित्यिक जगत में एक विशिष्ट पहचान प्रदान कर रहा है।