श्रद्धालुओं को रेलवे की बड़ी सौगात, साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस अब पहुंचेगी माता वैष्णो देवी कटड़ा

जम्मू। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी सुविधा प्रदान की है। रेलवे ने ट्रेन संख्या 19223/19224 साबरमती बीजी-जम्मू तवी एक्सप्रेस का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक करने की मंजूरी दे दी है। यह सुविधा 18 अक्टूबर 2026 से साबरमती और 20 अक्टूबर 2026 से कटड़ा से प्रभावी होगी। इस फैसले से गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को कटड़ा तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और जम्मू तवी में ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अनुसार, इस ट्रेन के विस्तार से धार्मिक यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक होगी। यात्रियों को सामान लेकर दूसरी ट्रेन में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए रेल संपर्क और मजबूत होगा।

3 नए स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन का ठहराव सांबा, बड़ी ब्राह्मण और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर भी मंजूर किया है। इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सैन्यकर्मियों को लंबी दूरी की रेल सेवा का लाभ मिलेगा। बड़ी ब्राह्मण के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।

धार्मिक पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

साबरमती से बठिंडा, फिरोजपुर, जालंधर और पठानकोट होते हुए कटड़ा तक चलने वाली यह दैनिक ट्रेन विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। सीधी रेल कनेक्टिविटी से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को गति देने में भी यह सुविधा सहायक होगी।

जानिए ट्रेन की समय-सारणी

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी से सुबह 10:25 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 3:35 बजे जम्मू तवी और शाम 6:55 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 19224 कटड़ा से सुबह 4:50 बजे रवाना होकर सुबह 7:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। आगे के स्टेशनों की समय-सारणी और यात्रा संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) का उपयोग कर सकते हैं।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों से इस विस्तारित रेल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। रेलवे की इस पहल से श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी के दरबार तक पहुंचने का एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा और विभिन्न राज्यों के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल, उत्तर रेलवे