शिवमहापुराण कथा में दिग्गजों का जमावड़ा

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहुंचे; बढ़ा मनोज पांडेय का कद

लाखों शिवभक्तों से पटा ऊंचाहार, मैदान और सड़कों तक दिखा जनसैलाब

ऊंचाहार,रायबरेली।श्री शिवमहापुराण कथा के चतुर्थ दिवस सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के पहुंचने से आयोजन का राजनीतिक महत्व भी बढ़ गया।मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी कथा में शामिल हुए।पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से कथा सुनने के लिए आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचे।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सनातन संस्कारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है।सनातन परंपराएं जीवन को संस्कार और दिशा देने का काम करती हैं।

मंच से पंकज चौधरी ने सराहा मनोज पांडेय का नेतृत्व, वरिष्ठता और जनसेवा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मनोज पांडेय को राजनीति का वरिष्ठ और अनुभवी नेता बताते हुए कहा कि ऊंचाहार में इतने बड़े आयोजन के पीछे उनकी क्षेत्र से गहरी आत्मीयता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है।

उन्होंने ऊंचाहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों ने ऐसे लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को चुना है, जो क्षेत्र के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देते हैं। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को उन्होंने मनोज पांडेय के प्रति जनता के विश्वास और जुड़ाव का प्रमाण बताया।

पं. प्रदीप मिश्रा ने शिवभक्ति और सनातन संस्कारों का संदेश दिया

इसके बाद कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा जी ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिवभक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, सेवा और सदाचार से जोड़ने का मार्ग है। उन्होंने श्रद्धालुओं को सनातन परंपराओं से जुड़ने और भगवान शिव के प्रति आस्था को जीवन में उतारने का संदेश दिया। उनके व्याख्यान के दौरान कथा पंडाल शिवभक्ति के जयघोष से गूंजता रहा।

व्यवस्थाओं में जुटा रहा प्रशासन

श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पंडालों के अलावा मैदान और आसपास के मार्गों पर भी व्यवस्था की गई। पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, प्रकाश, पार्किंग और आवागमन के इंतजाम किए गए। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त बल लगाया। अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

राज्यपाल-प्रदेश अध्यक्ष समेत दिग्गजों की मौजूदगी से बढ़ा आयोजन का राजनीतिक कद

कथा में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, राज्यमंत्री राकेश राठौर, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा अवधेश द्विवेदी,विधायक आशा मौर्या, विधायक ज्ञान तिवारी, विधायक रामकृष्ण भार्गव, विधायक प्रेम नारायण पांडेय, विधायक प्रभात वर्मा, विधायक निर्मल वर्मा, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह तथा लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।