शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश महापौर नमिता विकास बुबकिया एवं आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने ली सफाई निरीक्षकों की बैठक

शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

महापौर नमिता विकास बुबकिया एवं आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने ली सफाई निरीक्षकों की बैठक

पाली, सिटी शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महापौर नमिता विकास बुबकिया एवं नगर निगम आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने सफाई निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, कचरे का समय पर उठाव तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना सुनिश्चित किया जाए। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महापौर ने निर्देश दिए कि नागरिकों एवं दुकानदारों को कचरा निर्धारित कचरा स्टैंड पर डालने के बजाय सीधे कचरा संग्रहण वाहन में डालने के लिए समझाइश दी जाए। इसके लिए अर्बन वेस्ट मैनेजमेंट की जनजागरूकता टीम सक्रिय भूमिका निभाए। समझाइश के बावजूद नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार पेनल्टी लगाने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में सफाई कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड लागू करने, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति एवं कार्यस्थलों पर उनकी जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

महापौर एवं आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, सफाई निरीक्षकों एवं जमादारों की सहभागिता रहेगी। अभियान के दौरान आवश्यकतानुसार जेसीबी, ट्रैक्टर, टैक्सी एवं अन्य संसाधनों का उपयोग कर कचरे के ढेर, खाली भूखंडों एवं सार्वजनिक स्थानों की सफाई करवाई जाएगी।

बैठक में अधिशाषी अभियंता कलीम अख्तर, स्वास्थ्य अधिकारी लोकेश जैन, दिलीप जावा सहित सफाई निरीक्षक कालूराम, राकेश आदिवाल, गोपाल आदिवाल, अनिल आदिवाल, विनोद आदिवाल, रवि आदित्य, कानाराम, लक्ष्मण कुमार, अशोक डुलगच, चम्पालाल हंस, देवाराम ढंजा सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

महापौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में पूरी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।