व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चला आकस्मिक अग्निशमन सुरक्षा जांच अभियान अग्निशमन अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपातकालीन निकास मार्गों का किया निरीक्षण

मुरादाबाद। अग्निकांड की घटनाओं को रोकने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनपद में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। मंडलायुक्त संगीता सिंह के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि आग लगने जैसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आपातकालीन निकास मार्ग पर्याप्त और सुगम हैं या नहीं।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी स्थिति और आवश्यकता पड़ने पर उनके संचालन की व्यवस्था को भी परखा गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच बेहद जरूरी है। आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।