विशेष अभियान 6.0 के तहत पूर्व रेलवे के सभी स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों से लिया फीडबैक

कोलकाता। भारतीय रेल के विशेष अभियान 6.0 के तहत पूर्व रेलवे ने 22 अक्टूबर 2026 को अपने सभी स्टेशनों पर रेल जन संवाद और स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं और सुझावों को जानना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ और यात्री सुविधाओं के अनुकूल बनाना रहा।

देशभर में चल रहे इस अभियान के तहत 7,000 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से रेलवे अधिकारियों और यात्रियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ स्वच्छता, बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया।

पूर्व रेलवे के चारों मंडलों में महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधकों, अपर मंडल रेल प्रबंधकों, अन्य अधिकारियों और रेल कर्मचारियों ने अभियान में भाग लिया। सभी मंडलों में यात्रियों को जागरूक करने, रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और यात्री सुविधाओं से संबंधित सुझाव प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया गया।

पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने सियालदह और कोलकाता रेलवे स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

सियालदह स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने संबंधित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छता ही सेवा की भावना को अपनाने, कचरे का उचित निस्तारण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए टिकाऊ तरीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही कचरे को दोबारा उपयोग में लाने और पुनर्चक्रण के माध्यम से अपशिष्ट की मात्रा कम करने की अपील की।

यात्रियों से सीधे संवाद के तहत उन्होंने सियालदह स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13105 सियालदह-बल्लिया एक्सप्रेस और कोलकाता स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13167 कोलकाता-आगरा कैंट एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों से बातचीत की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों से भी रेलवे की सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि रेलवे से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए निर्धारित शिकायत निवारण पोर्टल का उपयोग करें, ताकि उनकी समस्याओं पर समय से कार्रवाई हो सके। उन्होंने यात्रियों से ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

अपर महाप्रबंधक ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर विशेष अभियान 6.0 के उद्देश्यों की जानकारी दी और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि रेल जन संवाद के माध्यम से पूर्व रेलवे यात्री केंद्रित व्यवस्था, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण और निरंतर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि स्वच्छता और जनभागीदारी रेलवे की दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बन सकें।