विद्यालय परिसर में घास की सफाई न होने से बच्चों की सुरक्षा पर चिंता प्रधानाध्यापक ने उठाए सवाल। 

बहराइच। विकासखंड विशेश्वरगंज के प्राथमिक विद्यालय शिवपुर बैरागी में विद्यालय परिसर में उगी घास की सफाई न होने को लेकर मामला सामने आया है। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक विवेक कुमार सिंह के अनुसार, परिसर की सफाई के लिए सफाई कर्मी सूर्य प्रकाश से कई बार बातचीत की गई, लेकिन पिछले 10 दिनों से लगातार आज-कल कहकर सफाई कार्य टाला जा रहा है। इसके बाद प्रधानाध्यापक ने ग्राम पंचायत सचिव सुशील कुमार से दूरभाष पर संपर्क कर समस्या से अवगत कराया। आरोप है कि बातचीत के दौरान सचिव ने कहा कि सफाई कर्मी उनके विभाग के हैं और प्रधानाध्यापक अपनी अलग व्यवस्था कर लें। साथ ही बच्चों के साथ किसी अप्रिय घटना की स्थिति में प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार बताया। वहीं, इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव सुशील कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि न्याय पंचायत की तरफ से गौशाला की सफाई कराई जा रही है। विद्यालय परिसर की सफाई को लेकर प्रधानाध्यापक ने चिंता जताते हुए कहा कि विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते हैं और परिसर में उगी घास से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द सफाई कराने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।