विंध्याचल स्टेशन पर नवरात्र मेले की विशेष तैयारी, 24 घंटे मिलेगी निःशुल्क चिकित्सा सुविधा

विंध्याचल स्टेशन पर नवरात्र मेले की विशेष तैयारी, 24 घंटे मिलेगी निःशुल्क चिकित्सा सुविधा

175 श्रद्धालुओं को मिल चुका प्राथमिक उपचार, 11 जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव

मिर्जापुर। शारदीय नवरात्र मेले में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। 11 से 26 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले मेले में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए टिकट, पेयजल, शौचालय, खानपान, चिकित्सा और सुरक्षा सुविधाओं को मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए रेलवे कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवक भी तैनात हैं।

रेलवे की ओर से यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए 3 अनारक्षित टिकट काउंटर और 1 पूछताछ केंद्र की व्यवस्था की गई है। आरक्षित टिकट काउंटर 2 पालियों में संचालित होगा। इसके अलावा 8 अतिरिक्त कर्मचारियों और टिकट जांच व यात्रियों की सहायता के लिए 20 अतिरिक्त टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन पर 5 खानपान स्टॉल, पेयजल, अस्थायी यात्री शेड और खोया-पाया केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पुरुषों के लिए 15 और महिलाओं के लिए 15 अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान विंध्याचल स्टेशन पर 11 जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव भी दिया गया है।

24 घंटे निःशुल्क प्राथमिक उपचार

श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की ओर से 11 अक्टूबर से स्टेशन परिसर में 24 घंटे निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर संचालित किया जा रहा है। अब तक करीब 175 श्रद्धालुओं को पैरों में चोट, बुखार, सर्दी-जुकाम, कटने, छिलने और जलने जैसी समस्याओं में प्राथमिक उपचार दिया जा चुका है।

शिविर के संचालन के लिए स्वयंसेवकों के 2 बैच बनाए गए हैं। पहले बैच के 12 सदस्य मंडल सचिव-द्वितीय अनूप कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे हैं।

स्काउट्स एवं गाइड्स भी संभाल रहे व्यवस्था

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक यात्रियों को जरूरी जानकारी देने, स्टेशन परिसर में आवागमन में सहायता करने और भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा संगठन, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा और आपातकालीन एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी तैनात

मेले के दौरान अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे। स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, बस स्टैंड और मंदिर के आसपास यात्रियों को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।