वाराणसी से नई दिल्ली तक दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, 31 अक्टूबर को बनारस स्टेशन से होगा उद्घाटन

बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से देश की राजधानी दिल्ली तक रेल यात्रियों को आधुनिक सफर का नया अनुभव मिलने जा रहा है। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन 31 अक्टूबर 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। इस अवसर पर ट्रेन संख्या 02527 उद्घाटन विशेष के रूप में संचालित होगी।

इस नई रेलसेवा से वाराणसी के साथ प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद के यात्रियों को भी राजधानी दिल्ली तक आवागमन का नया विकल्प मिलेगा। उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे।

ट्रेन संख्या 02527 बनारस से शाम 4:15 बजे रवाना होगी। प्रयागराज में शाम 6:00 बजे पहुंचेगी और 6:05 बजे रवाना होगी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल में रात 8:05 बजे पहुंचकर 8:10 बजे चलेगी। अलीगढ़ में रात 11:20 बजे पहुंचकर 11:22 बजे रवाना होगी। गाजियाबाद में अगले दिन रात 1:10 बजे पहुंचकर 1:15 बजे चलेगी और नई दिल्ली स्टेशन पर रात 2:00 बजे पहुंचेगी।

इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन से लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को सुविधाजनक बनाने की दिशा में नया कदम उठाया जा रहा है। हालांकि नियमित ट्रेन संचालन की समय-सारणी और तारीखों की जानकारी रेलवे की ओर से बाद में जारी की जाएगी।