वडनगर रेलवे स्टेशन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यात्रियों से किया संवाद, विकास परियोजनाओं की ली जानकारी

वडनगर। गुजरात के वडनगर रेलवे स्टेशन पर 18 नवंबर को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रेलवे की यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की और रेल यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, मेहसाणा के सांसद हरिभाई पटेल और भाजपा मेहसाणा जिला अध्यक्ष गिरीशभाई राजगोर भी मौजूद रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने रेलवे स्टेशन स्थित चाय की दुकान पर चाय का आनंद लिया।

इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने वडनगर-वलसाड इंटरसिटी के यात्रियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से रेल यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं, उनकी समस्याओं और यात्रा अनुभव के बारे में जानकारी ली। साथ ही यात्री सुविधाओं को लेकर उनके सुझाव भी जाने।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने लोकसभा अध्यक्ष एवं अन्य अतिथियों को गुजरात में चल रही विभिन्न रेलवे विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।

इस अवसर पर रेलवे की विकास योजनाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। लोकसभा अध्यक्ष का यात्रियों के बीच पहुंचकर संवाद करना रेलवे की जमीनी व्यवस्थाओं और यात्रियों के अनुभवों को समझने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा।