लालकुआं से साबरमती के लिए 13 फेरे चलेगी साप्ताहिक विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत

बरेली। यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा और त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने लालकुआं-साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का संचालन 2 सितंबर से 26 नवंबर 2026 के बीच कुल 13 फेरों में किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 05344 लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक विशेष प्रत्येक बुधवार को लालकुआं से दोपहर 1:35 बजे रवाना होगी और किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, जवाई बांध, आबू रोड, पालनपुर और महेसाणा होते हुए अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 05343 साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष प्रत्येक बृहस्पतिवार को साबरमती से शाम 4 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, अजमेर, जयपुर, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, भोजीपुरा, बहेड़ी और किच्छा होते हुए अगले दिन दोपहर 2:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

20 कोच की होगी ट्रेन

विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो एसएलआरडी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है।

रेल प्रशासन के इस निर्णय से उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान-गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। विशेष ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।