लंबे अंतराल बाद अलीगढ़ आएंगे वरिष्ठ प्रचारक रामलाल

केशव सेवा धाम के वार्षिकोत्सव में होंगे मुख्य अतिथि, 2 अक्टूबर को सिंघारपुर में होगा आयोजन


अलीगढ़ में जिला प्रचारक रहते गांव-गांव और शहर की गलियों तक बनाया था कार्यकर्ताओं से मजबूत संपर्क



अलीगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रामलाल लंबे अंतराल बाद अलीगढ़ आ रहे हैं। वह 2 अक्टूबर को मथुरा रोड स्थित सिंघारपुर के केशव सेवा धाम के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर केशव सेवा धाम समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रामलाल का अलीगढ़ से पुराना और गहरा संगठनात्मक जुड़ाव रहा है। जिला प्रचारक के रूप में उन्होंने यहां शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कार्यकर्ताओं और सामाजिक लोगों से संपर्क स्थापित किया था।रामलाल 1980 के दशक में अलीगढ़ के जिला प्रचारक रहे। इसके बाद उन्होंने ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक सहित विभिन्न संगठनात्मक दायित्व संभाले। संगठन में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाने के कारण अलीगढ़ से उनका जुड़ाव लगातार बना रहा। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री के रूप में भी उन्होंने देशभर में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाई। वर्तमान में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।


कार्यकर्ताओं से पुराने जुड़ाव के कारण खास रहेगा आगमन


अलीगढ़ में जिला प्रचारक के रूप में कार्य करने के दौरान रामलाल ने कार्यकर्ताओं के साथ व्यक्तिगत संपर्क को महत्व दिया। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी उनका व्यापक प्रवास रहा। उनके अलीगढ़ आगमन को इसी पुराने संपर्क के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वार्षिकोत्सव में बड़ी संख्या में सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।हालांकि, फिलहाल उनका मुख्य कार्यक्रम केशव सेवा धाम के वार्षिकोत्सव में शामिल होना ही निर्धारित है। अन्य बैठकों अथवा कार्यक्रमों को लेकर अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।


पूर्वोत्तर के बच्चों के लिए शिक्षा और आवास की व्यवस्था


केशव सेवा धाम परिसर में पूर्वोत्तर राज्यों के बच्चों के लिए छात्रावास संचालित है। यहां बच्चों के रहने, भोजन और शिक्षा की व्यवस्था समाज के सहयोग से की जाती है। संस्था का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार करना है।केशव सेवा धाम समिति के अध्यक्ष श्याम नारायण अग्रवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर को संस्था का वार्षिकोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था समाज के सहयोग से की जाती है।उन्होंने बताया कि देशभर में 100 से अधिक छात्रावास संचालित होने की जानकारी है। इसके अलावा विद्या भारती के माध्यम से अरुणाचल प्रदेश सहित अन्य क्षेत्रों में आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है, जहां दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है।वनवासी कल्याण आश्रम सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी पूर्वोत्तर के ग्रामीण और चाय बागान क्षेत्रों में एकल शिक्षक विद्यालय, बाल संस्कार केंद्र और अन्य शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है।