रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई, 14 किलो मादक पदार्थ जब्त, 44 यात्रियों को लौटाया 9 लाख का खोया सामान

जयपुर। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट जांच कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई से ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ यात्रियों की खोई हुई अमानत भी सुरक्षित लौटाई जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत गाड़ी संख्या 18573 विशाखापट्टनम-भगत की कोठी ट्रेन में लावारिस हालत में रखे करीब 14 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए। इसकी अनुमानित कीमत 7.17 लाख रुपये बताई गई है। जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया।

वहीं, गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर एक्सप्रेस में अवैध रूप से ले जाए जा रहे करीब 1 लाख रुपये मूल्य के मादक पेय पदार्थ भी पकड़े गए। इस मामले में संबंधित व्यक्ति और जब्त सामग्री को जीआरपी के सुपुर्द किया गया।

दूसरी ओर, रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन अमानत के तहत पिछले एक सप्ताह में उल्लेखनीय मानवीय कार्य किया। उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के भूलवश छूटे करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सामान को सुरक्षित बरामद कर 44 यात्रियों को वापस सौंपा गया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनकी सहायता करना भी प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान सुरक्षा जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेंगे।