रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, कानपुर से दिल्ली का सफर होगा आसान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, कानपुर से दिल्ली का सफर होगा आसान

कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच शुरू हुई नई दैनिक रेल सेवा, 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन

कानपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच शुरू हुई यह नई दैनिक रेल सेवा उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी। इससे कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और अन्य यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

इस अवसर पर रेल मंत्री ने कहा कि नई कानपुर एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा उद्योग और शैक्षणिक केंद्र कानपुर को दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र आनंद विहार टर्मिनल से सीधे जोड़ेगी। 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं।

नई रेल सेवा से फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों को लाभ मिलेगा। फफूंद से औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी औरैया तथा गेल पाता तक पहुंच आसान होगी। वहीं, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस और अलीगढ़ के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक से मिलेगी जाम से राहत

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर की आगामी रेलवे परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अनवरगंज से मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले दशकों पुराने जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर का सफर 1 घंटा 45 मिनट में

रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना का जिक्र करते हुए बताया कि नॉर्थ कॉरिडोर के तहत दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ने की योजना है। इस परियोजना के शुरू होने पर दिल्ली से कानपुर का सफर लगभग 1 घंटा 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। वहीं, लखनऊ से कानपुर की दूरी करीब 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज की दूरी लगभग 1 घंटा 15 मिनट में तय हो सकेगी।

उन्होंने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की भी जानकारी दी और बताया कि स्टेशन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में कानपुर में रेलवे आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई अन्य परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी।

कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने नई रेल सेवा शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को फिर से स्थापित करने का संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर को कानपुरवासियों की लंबे समय से लंबित मांग बताते हुए इसके लिए मंजूरी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।