रेल जन संवाद से यात्रियों की समस्याएं सुनेगा पूर्वोत्तर सीमा रेलवे

गुवाहाटी। यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने और रेलवे सेवाओं में सुधार के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने 22 अक्टूबर 2026 को अपने सभी मंडलों और स्टेशनों पर रेल जन संवाद अभियान आयोजित किया। विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इस पहल में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और यात्रा अनुभव जाने।

अभियान के दौरान रेल अधिकारियों, अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों और वाणिज्य पर्यवेक्षकों की टीमों ने स्टेशनों के यात्री परिसर और प्रतीक्षालयों में यात्रियों से संवाद किया। इस दौरान ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं, स्टेशन की व्यवस्थाओं और खानपान की गुणवत्ता को लेकर यात्रियों से प्रतिक्रिया प्राप्त की गई।

महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधकों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों की आवाज को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके तहत युवा यात्रियों और विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए ?रेल जन युवा संवाद? की विशेष पहल भी शुरू की गई। इसमें युवाओं को तकनीक के माध्यम से रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए अपने विचार और सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

रेल जन संवाद के दौरान यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने फुटबोर्ड पर यात्रा करने और रेल पटरियों पर अनधिकृत रूप से चलने के खतरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही यात्रियों से सुरक्षित यात्रा अपनाने और रेलवे की सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों और शिकायतों को डिजिटल रूप में दर्ज कर उनकी समीक्षा की जाएगी। समस्याओं को तत्काल समाधान, विभागीय समन्वय और दीर्घकालिक योजना जैसी श्रेणियों में विभाजित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की भागीदारी बढ़ाना, रेलवे सेवाओं में जवाबदेही और पारदर्शिता मजबूत करना तथा यात्रियों का विश्वास बढ़ाना है।