रेल कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर पीएनएम बैठक में हुई चर्चा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय बिलासपुर में बुधवार को द्वितीय क्षेत्रीय स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक आयोजित की गई। इसमें रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी दर्शनीता बी. अहलूवालिया सहित रेलवे के सभी विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मेन्स कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विषय उठाते हुए समस्याओं के समाधान और सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी।

बैठक में कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही टिकटिंग स्टाफ को कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और उनके समाधान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

रेलवे अधिकारियों ने यूनियन की ओर से प्रस्तुत मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया। बैठक में कर्मचारी कल्याण, चिकित्सा सुविधाओं में सुधार और कार्यस्थल पर कर्मचारियों की परेशानियां दूर करने के लिए सकारात्मक पहल करने पर सहमति बनाने की दिशा में चर्चा हुई।