रनिंग स्टाफ के लिए तनाव प्रबंधन कार्यक्रम, मानसिक सजगता और एकाग्रता बढ़ाने पर जोर

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में रनिंग स्टाफ के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और ड्यूटी के दौरान मानसिक सजगता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ?मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन कार्यक्रम? का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 18 सितंबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जम्मू के सम्मेलन कक्ष में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार की अगुवाई तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण) गुरनाम सिंह के नेतृत्व में किया गया। जम्मू मुख्यालय पर तैनात विभिन्न श्रेणियों के रनिंग स्टाफ और मुख्य लोको निरीक्षकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने रनिंग स्टाफ को तनाव प्रबंधन, मन नियंत्रण तकनीक, स्मृति सुधार, दर्द प्रबंधन, मानवीय व्यवहार तथा मनोवैज्ञानिक समस्याओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेषज्ञों ने तनावपूर्ण परिस्थितियों में स्वयं को संतुलित रखने, एकाग्रता बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान मानसिक रूप से सजग रहने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।

कार्यक्रम का उद्देश्य रनिंग स्टाफ को उनकी चुनौतीपूर्ण कार्यप्रणाली के अनुरूप तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने, आत्म-नियंत्रण एवं एकाग्रता में सुधार करने तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना रहा। इस दौरान कर्मचारियों को तनावमुक्त वातावरण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

रेल प्रशासन के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से रनिंग स्टाफ को मनो-सामाजिक समस्याओं को समझने और उनसे प्रभावी तरीके से निपटने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।