रन फॉर यूनिटी में डीएम-एसपी के साथ दौड़े शहरवासी, सोरों गेट से गांधी मूर्ति चौराहे तक निकली एकता दौड़

कासगंज। राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को जिले में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। सोरों गेट तिराहे से शुरू हुई एकता दौड़ में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने प्रतिभागियों के साथ हिस्सा लिया। दौड़ शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गांधी मूर्ति चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें पुलिसकर्मियों, व्यापारियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

गांधी मूर्ति चौराहे पर दौड़ के समापन पर अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों को फल एवं जलपान वितरित किया गया।

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे दौड़ मार्ग और कार्यक्रम स्थल की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। मुख्य आयोजन के साथ जिले के सभी थानों में भी रन फॉर यूनिटी आयोजित हुई। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने दौड़ में भाग लेकर आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।