यूपीआई पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क तत्काल वापस लिया जाए

यूपीआई पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क का

फैसला तत्काल वापस लिया जाए: डा सुधांशु त्रिपाठी

झांसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव डा सुधांशु त्रिपाठी ने आज शहर में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाकर व्यापारियों और ग्राहकों से मुलाकात कर यूपीआई पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क को लेकर उनके विचार जाने। बाद में उन्होंने केंद्र सरकार से इस फैसले को अविलंब वापस लेने की मांग बुलंद की।

डा त्रिपाठी ने कहा कि यूपीआई पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क को लेकर व्यापारियों और ग्राहकों दोनों में भारी आक्रोश है। उनका स्पष्ट कहना है कि यूपीआई आज आम जनता और व्यापारियों के रोज़मर्रा के लेन-देन का महत्वपूर्ण और सुविधाजनक माध्यम बन चुका है। ऐसे में इस पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क व्यापारी और ग्राहक दोनों के हितों के विरुद्ध है।

डा त्रिपाठी ने कहा कि सरकार के फैसले का विरोध आज व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी साफ दिखाई दिया। कई व्यापारियों ने आज से ही अपने प्रतिष्ठानों पर लिख दिया है कि उन्हें डिजिटल पेमेंट स्वीकार नहीं है। यह स्थिति बताती है कि यूपीआई पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क को लेकर व्यापारियों में कितना गहरा असंतोष है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों और ग्राहकों की स्पष्ट मांग है कि यूपीआई पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क का फैसला तत्काल वापस लिया जाए। सरकार को व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं की आवाज़ सुनते हुए इस निर्णय पर तुरंत रोलबैक करना चाहिए। ऐसी कोई भी व्यवस्था स्वीकार नहीं की जा सकती, जो व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाले या ग्राहकों के लिए भुगतान की लागत बढ़ाए।