युवाओं के लिए रेलवे में बढ़े अवसर, उत्तर मध्य रेलवे में 3,205 अप्रेंटिस सीटों का ऐलान

युवाओं के लिए रेलवे में बढ़े अवसर, उत्तर मध्य रेलवे में 3,205 अप्रेंटिस सीटों का ऐलान

पिछले साल के मुकाबले 1,405 सीटों की बढ़ोतरी, नए तकनीकी ट्रेड भी शामिल

प्रयागराज। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर मध्य रेलवे ने बड़ी पहल की है। वर्ष 2026-27 के प्रशिक्षण चक्र के लिए 3,205 एक्ट अप्रेंटिस सीटों की अधिसूचना जारी की गई है। पिछले वर्ष 1,800 सीटों के मुकाबले इस बार 1,405 सीटों की बढ़ोतरी की गई है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रेलवे में व्यावहारिक प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा।

अप्रेंटिस सीटों में प्रयागराज मंडल में 1,462, झांसी मंडल में 856, आगरा मंडल में 547, झांसी वर्कशॉप में 226, ट्रैक मशीन लाइन एवं मुख्यालय में 82 तथा मुख्यालय में 32 सीटें निर्धारित की गई हैं। वहीं, समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कुल सीटों में से 152 सीटें दिव्यांगजन के लिए क्षैतिज रूप से आरक्षित की गई हैं।

आधुनिक तकनीकी ट्रेड से युवाओं को मिलेगा लाभ

उत्तर मध्य रेलवे ने इस बार प्रशिक्षण में कई नए तकनीकी और कंप्यूटर आधारित ट्रेड भी शामिल किए हैं। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मल्टीमीडिया एवं वेब पेज डिजाइनर, सीएडी-कैम ऑपरेटर-कम-प्रोग्रामर, सर्वेयर, राजमिस्त्री, सेनेटरी हार्डवेयर फिटिंग और बिल्डिंग मेंटेनेंस तकनीशियन सहित अन्य ट्रेड शामिल हैं। इससे युवाओं को बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप तकनीकी दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी।

अप्रेंटिस प्रशिक्षण की अवधि लगभग एक वर्ष होगी। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को लगभग 9,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रमाणपत्र (एनएसी) प्रदान किया जाएगा।

रेलवे भर्ती में भी मिलेगा अप्रेंटिस प्रशिक्षण का फायदा

रेलवे बोर्ड के परिपत्र आरबीई 51/2022 के प्रावधानों के तहत रेलवे प्रतिष्ठानों से प्रशिक्षण पूरा करने वाले पात्र एक्ट अप्रेंटिसों को लेवल-1 की खुली भर्ती में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलता है। इसके साथ ही अंतिम लिखित परीक्षा के अंकों में एनसीवीटी परीक्षा के अंकों का एक-तिहाई भारांक तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट का प्रावधान भी है।

उत्तर मध्य रेलवे की ओर से सीटों में बढ़ोतरी और नए ट्रेड शामिल किए जाने को युवाओं के लिए कौशल विकास के साथ भविष्य के रोजगार अवसर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

31 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcpryj.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।