यात्रियों के लिए राहत की खबर, अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े

यात्रियों के लिए राहत की खबर, अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े

10 सितंबर से 26 नवंबर तक चलेगी अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल स्पेशल, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

मुंबई। यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद और मुंबई सेंट्रल के बीच संचालित साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09088 अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल स्पेशल के संचालन को 10 सितंबर से 26 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। इसी तरह ट्रेन संख्या 09087 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद स्पेशल के फेरे 9 सितंबर से 25 नवंबर 2026 तक विस्तारित किए गए हैं।

फेरों के विस्तार से यात्रियों को आगामी त्योहारी एवं व्यस्त यात्रा अवधि में अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा। इससे नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को कम करने और दोनों शहरों के बीच सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

बुकिंग शुरू

विस्तारित फेरों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों के साथ-साथ आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते हुए समय से टिकट बुक कर अतिरिक्त रेल सुविधा का लाभ उठाएं।