मुरादाबाद में पटाखा गोदाम और दुकानों का अग्नि सुरक्षा अभियान, कर्मचारियों को किया जागरूक

मुरादाबाद में पटाखा गोदाम और दुकानों का अग्नि सुरक्षा अभियान, कर्मचारियों को किया जागरूक

मुरादाबाद,दीपावली और त्योहारों के दौरान आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने जिले में अग्नि सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को कांठ क्षेत्र में पटाखों के भंडारण, निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठान का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालक और कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देकर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन विभाग की टीम ने स्कीम नंबर-11 के तहत कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कांठ क्षेत्र के पटेगंज निवासी मो. रशीद पुत्र मो. अब्दुल वहीद से संबंधित प्रतिष्ठान में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान कुल 6 लोगों को जागरूक किया गया। कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के उचित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अग्निशमन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि पटाखों का भंडारण और बिक्री करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी तरह की लापरवाही आगजनी की बड़ी घटना का कारण बन सकती है। विभाग का उद्देश्य समय रहते सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।