मुरादाबाद में पटाखा गोदाम का फायर ऑडिट, 9 लोगों को किया जागरूक

मुरादाबाद। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग ने स्कीम नंबर-11 के तहत पटाखों और विस्फोटकों से संबंधित प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया।

23 अक्टूबर को अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी की टीमों के माध्यम से चलाए गए अभियान के तहत अगवानपुर स्थित गंगानगर में आदिनाथ धर्म कांटे वाली गली में अमन गोयल के कार्यस्थल का फायर ऑडिट किया गया। इस दौरान 9 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान कर्मचारियों को आग से बचाव, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।