मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर भेज मनोज पांडेय को लखनऊ बुलाया,बढ़ा सियासी कद

लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा में दिग्गजों का जमावड़ा,मनोज पांडेय का बढ़ा राजनीतिक प्रभाव

पंकज सिंह,केके पटेल और शिवराम पासी को भी साथ ले गए लखनऊ;विराट आयोजन पर शासन-प्रशासन की पैनी नजर

रायबरेली।ऊंचाहार में पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से चल रही श्री शिवमहापुराण कथा श्रद्धा और आस्था के विराट संगम का रूप ले चुकी है।लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय को विशेष हेलीकॉप्टर भेजकर लखनऊ बुलाया जाना प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।इसे मनोज पांडेय के बढ़ते राजनीतिक कद और मुख्यमंत्री के भरोसे के महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आयोजन स्थल पर लगातार जनसैलाब उमड़ रहा है।कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला,तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा समेत तमाम दिग्गज पहुंच चुके हैं।उत्तर प्रदेश सरकार के दो दर्जन से अधिक मंत्री और करीब एक सैकड़ा विधायक भी कथा में सहभागिता कर चुके हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कथा में काफी समय तक बैठकर पंडित प्रदीप मिश्रा जी का प्रवचन सुना था।मंच से सनातन और भारतीय संस्कृति की बात रखने के साथ उन्होंने इतने विराट आयोजन के लिए मनोज पांडेय की विशेष सराहना भी की थी। अब कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा विशेष हेलीकॉप्टर भेजकर उन्हें राजधानी बुलाया जाना राजनीतिक रूप से खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद का लगातार संपर्क में रहना भी इस घटनाक्रम की अहमियत को बढ़ाता है।राजनीतिक हलकों में इसे महज कैबिनेट बैठक में मंत्री की मौजूदगी सुनिश्चित करने की व्यवस्था नहीं,बल्कि मनोज पांडेय को नेतृत्व के भरोसे और राजनीतिक ताकत का संदेश देने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।कथा के विराट आयोजन ने जहां उनकी सामाजिक स्वीकार्यता का दायरा बढ़ाया है,वहीं मुख्यमंत्री का यह विशेष बुलावा उनके राजनीतिक प्रभाव को नई चर्चा दे रहा है।ऊंचाहार हेलीपैड से लखनऊ रवाना होते समय मनोज पांडेय अपने साथ क्षेत्र के पंकज सिंह,केके पटेल और शिवराम पासी को भी ले गए।राजनीतिक हलकों में इसे क्षेत्र के प्रभावशाली चेहरों को साथ लेकर चलने और व्यापक सामाजिक आधार का संदेश देने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा,यातायात,पार्किंग,पेयजल,चिकित्सा और स्वच्छता सहित व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।शासन और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। देश-प्रदेश की नामचीन हस्तियों का आगमन भी लगातार जारी है।पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी की भक्ति और शिवमहापुराण कथा के प्रति उमड़ी लाखों की आस्था ने ऊंचाहार को धार्मिक केंद्र बना दिया है,वहीं मुख्यमंत्री के विशेष हेलीकॉप्टर से लखनऊ बुलाए जाने की घटना ने इसी आयोजन के बीच मनोज पांडेय के बढ़ते राजनीतिक कद को भी प्रदेश की सियासी चर्चा के केंद्र में ला दिया है।