मुंबई रेलवे का बड़ा अपडेट: कल्याण-बदलापुर रेलखंड पर 28-29 नवंबर की रात रहेगा विशेष ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें प्रभावित

मुंबई रेलवे का बड़ा अपडेट: कल्याण-बदलापुर रेलखंड पर 28-29 नवंबर की रात रहेगा विशेष ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें प्रभावित

तीसरी और चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य के लिए मध्य रेलवे चलाएगा विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक, चार एक्सप्रेस ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा कल्याण-बदलापुर रेलखंड पर तीसरी और चौथी रेल लाइन के प्रस्तावित कार्य को लेकर 28 और 29 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 29 नवंबर की रात 01:40 बजे से सुबह 03:40 बजे तक कल्याण और बदलापुर के बीच अप एवं डाउन साउथ ईस्ट लाइन पर (दोनों स्टेशन छोड़कर) प्रभावी रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, उल्हासनगर में 300 टन क्षमता वाली रोड क्रेन और अंबरनाथ में 80 टन क्षमता वाली रोड क्रेन की मदद से एन-टाइप ट्रस को हटाने का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के चलते ब्लॉक अवधि में कल्याण से कर्जत के बीच अप एवं डाउन लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।

लोकल ट्रेनों के अंतिम और पहली सेवाओं का समय

ब्लॉक से पहले बदलापुर के लिए अंतिम लोकल छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से रात 11:51 बजे रवाना होगी। वहीं कर्जत के लिए अंतिम लोकल रात 11:30 बजे सीएसएमटी से चलेगी। सीएसएमटी के लिए बदलापुर से अंतिम लोकल रात 11:29 बजे रवाना होगी।

ब्लॉक समाप्त होने के बाद पहली लोकल 29 नवंबर को ठाणे से सुबह 05:00 बजे कर्जत के लिए रवाना होगी। वहीं सीएसएमटी के लिए पहली लोकल कर्जत से सुबह 03:35 बजे और अंबरनाथ से सुबह 03:43 बजे रवाना होगी।

चार एक्सप्रेस ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी

ब्लॉक के चलते चार अप मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को करजत-पनवेल-ठाणे मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें शामिल हैं:

1.गाड़ी संख्या 11020 भुवनेश्वर-सीएसएमटी कोंकण एक्सप्रेस।

2.गाड़ी संख्या 18519 विशाखापट्टनम-एलटीटी एक्सप्रेस।

3.गाड़ी संख्या 12702 हैदराबाद-सीएसएमटी एक्सप्रेस।

4.गाड़ी संख्या 11140 होसपेटे-सीएसएमटी एक्सप्रेस।

यात्रियों की सुविधा के लिए जिन ट्रेनों का निर्धारित ठहराव कल्याण स्टेशन पर है, उन्हें पनवेल और ठाणे स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा, ताकि कल्याण से चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा देरी से चलने वाली मेल, एक्सप्रेस और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों को परिचालन संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार परिवर्तित मार्ग से चलाया जा सकता है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि रेल बुनियादी ढांचे के रखरखाव, विस्तार और यात्री सुरक्षा के लिहाज से यह ब्लॉक आवश्यक है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें और ब्लॉक के दौरान होने वाली असुविधा में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।