माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों का जलवा, कश्मीर मैराथन में पहले दो स्थानों पर जमाया कब्जा

माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों का जलवा, कश्मीर मैराथन में पहले दो स्थानों पर जमाया कब्जा

कृति ने हाफ मैराथन में जीता स्वर्णिम मुकाम, साक्षी रहीं दूसरे स्थान पर; जूडो में मोनिक ठाकुर ने जीता स्वर्ण पदक

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर संस्थान और श्राइन बोर्ड का नाम रोशन किया है। कश्मीर मैराथन में जहां खिलाड़ियों ने हाफ मैराथन के पहले दो स्थानों पर कब्जा जमाया, वहीं जूडो प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

25 अक्टूबर को आयोजित कश्मीर मैराथन की 21 किलोमीटर हाफ मैराथन स्पर्धा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की कृति ने पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 1 घंटा 37 मिनट 1 सेकंड में दौड़ पूरी की। वहीं साक्षी ने 1 घंटा 39 मिनट 41 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि दोनों खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।

इसी तरह श्रीनगर में आयोजित स्कूल राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप की अंडर-17 बालक वर्ग स्पर्धा में मोनिक ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन आगामी स्कूल राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है।

खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने बुधवार को कृति, साक्षी और मोनिक ठाकुर को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के नेतृत्व में बोर्ड क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। वर्तमान में श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेलों के 150 से अधिक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं।

खिलाड़ियों की इस सफलता को श्राइन बोर्ड की खेल प्रोत्साहन पहल का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक कुमार मौर्य, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार शर्मा, वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी पवन कुमार शर्मा, सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव गुप्ता, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और श्राइन बोर्ड के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।