माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर रेलवे और प्रशासन ने कसी कमर, पहली समन्वय बैठक में बनी रणनीति

माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर रेलवे और प्रशासन ने कसी कमर, पहली समन्वय बैठक में बनी रणनीति

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों, सुरक्षा, यातायात और यात्री सुविधाओं पर मंथन

प्रयागराज। आगामी माघ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन को लेकर प्रयागराज मंडल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में रेलवे, सिविल प्रशासन और मेला प्रशासन के बीच पहली समन्वय बैठक संकल्प सभागार, प्रयागराज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री रजनीश अग्रवाल ने की।

बैठक में पुलिस आयुक्त प्रयागराज पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा समेत रेलवे, पुलिस, जिला एवं मेला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं मेला अधिकारी दीपक कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से माघ मेला के दौरान रेलवे की ओर से प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सिविल एवं मेला प्रशासन ने भी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को साझा किया।

बैठक में विशेष ट्रेनों के संचालन, यात्री भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और अन्य यात्री सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मुख्य व्यवस्था के साथ वैकल्पिक कार्ययोजनाएं तैयार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि मेला अवधि में किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

मेला यात्रियों की आवाजाही के लिए प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी और सूबेदारगंज प्रमुख रेलवे स्टेशन रहेंगे। इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास, निर्धारित यात्री मार्ग, भीड़ नियंत्रण तथा सुविधाओं को बेहतर बनाने की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भी दिया सुझाव

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मेला अवधि में अत्यधिक यात्री दबाव को देखते हुए सिविल प्रशासन से सुझाव दिया कि माघ मेला के दौरान प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन न किया जाए। इससे मेला यात्रियों के साथ स्थानीय नागरिकों के आवागमन पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

चार प्रमुख स्टेशनों का होगा संयुक्त सर्वेक्षण

बैठक में रेलवे और सिविल प्रशासन द्वारा प्रयागराज के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का संयुक्त सर्वेक्षण कराने पर भी सहमति बनी। सर्वेक्षण के दौरान यात्रियों के प्रवेश-निकास, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

रेलवे और प्रशासन ने बेहतर समन्वय, मजबूत योजना और समयबद्ध क्रियान्वयन के साथ माघ मेला-2027 की तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया। उद्देश्य यही है कि माघ मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशनों से लेकर उनकी आगे की यात्रा तक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।