महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का किया उद्घाटन

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का किया उद्घाटन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 25 सितंबर को प्रयागराज में नवनिर्मित आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी रही।

महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उत्तर मध्य रेलवे की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके माध्यम से प्राकृतिक एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

नवनिर्मित आरोग्यशाला में आयुर्वेद आधारित उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और विभिन्न रोगों से संबंधित चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा कर्मचारियों और उनके आश्रितों को संतुलित जीवनशैली, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

उद्घाटन के बाद महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने निर्माणाधीन रेलवे अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण, चिकित्सा उपकरणों, मरीजों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा, प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर जे.सी.एस. बोरा, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक गोपा मजूमदार, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।स्लग: महाप्रबंधक ने आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का किया उद्घाटन