महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का किया निरीक्षण, आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का किया निरीक्षण, आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट में वंदे भारत रैक की धुलाई का किया परीक्षण, राष्ट्रीय एकता दिवस पर रेलकर्मियों को दिलाई एकता और अखंडता की शपथ

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 31 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डिपो में उपलब्ध आधुनिक मशीनों, उपकरणों और स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से इनके संचालन एवं रखरखाव की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सभी मशीनों और उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप सुचारू संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने डिपो में स्थापित अत्याधुनिक ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनके समक्ष वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक की धुलाई का प्रत्यक्ष परीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने स्वचालित धुलाई प्रक्रिया और प्लांट की कार्यक्षमता का अवलोकन करते हुए आधुनिक सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिलाई शपथ

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो में राष्ट्रीय एकता दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

उन्होंने सभी रेलकर्मियों से राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने और अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।