मदार–दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस में अब रेल वन ऐप से बुक होंगे अनारक्षित टिकट

मदार?दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस में अब रेल वन ऐप से बुक होंगे अनारक्षित टिकट

अजमेर मंडल बना उत्तर पश्चिम रेलवे का पहला मंडल, यात्रियों को मिलेगी कतार से राहत और 3 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ

अजमेर। यात्रियों की सुविधा और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब मदार जंक्शन?दरभंगा जंक्शन अमृत भारत एक्सप्रेस में अनारक्षित श्रेणी के टिकट रेल वन ऐप के माध्यम से बुक किए जा सकेंगे। इसके साथ ही अजमेर मंडल उत्तर पश्चिम रेलवे में यह सुविधा शुरू करने वाला पहला मंडल बन गया है।

अब तक इस ट्रेन में अनारक्षित टिकट यात्रियों को स्टेशन स्थित यूटीएस काउंटर से ही मिलते थे। रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतार में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी और समय की भी बचत होगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कैप्टन मिहिर देव ने बताया कि मदार जंक्शन से यात्रा शुरू करने वाले यात्री यदि रेल वन ऐप के माध्यम से यूपीआई से टिकट बुक करते हैं, तो उन्हें कुल किराये पर 3 प्रतिशत का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। अजमेर मंडल की इस पहल के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे के अन्य मंडलों में भी इस सुविधा को लागू करने की तैयारी की जा रही है।

कैप्टन मिहिर देव ने कहा कि रेल वन ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकटिंग शुरू होने से यात्रियों को सुविधा के साथ लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी। तीन प्रतिशत का अतिरिक्त वित्तीय लाभ यात्रियों को डिजिटल और नकद रहित भुगतान अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इससे स्टेशन परिसरों और टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

अजमेर मंडल की इस पहल को यात्रियों के लिए सुविधाजनक, आधुनिक और डिजिटल रेल सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।