मडगांव में उत्तर मध्य रेलवे की सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, सुरेंद्र नाथ ने किया ध्वजारोहण

मडगांव में उत्तर मध्य रेलवे की सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, सुरेंद्र नाथ ने किया ध्वजारोहण

महाकुंभ और विंध्याचल मेले में जनसेवा करने वाले स्वयंसेवकों को प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता का दिया जा रहा प्रशिक्षण

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के ब्रिगेड नंबर-1 और ब्रिगेड नंबर-2 का चार दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 20 से 23 नवंबर 2026 तक मडगांव, गोवा में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं ब्रिगेड के उपायुक्त सुरेंद्र नाथ ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेंद्र नाथ ने ब्रिगेड के सदस्यों को अनुशासन, समयपालन और सेवा भावना के साथ प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन सहायता के क्षेत्र में व्यावहारिक कौशल बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे प्रशिक्षण से स्वयंसेवक आपात परिस्थितियों में लोगों को समय पर बेहतर सहायता उपलब्ध करा सकेंगे।

उन्होंने प्रयागराज ब्रिगेड द्वारा पूर्व में किए गए जनसेवा कार्यों की विशेष सराहना की। महाकुंभ-2025 और शारदीय नवरात्रि मेला-2026 के दौरान विंध्याचल में श्रद्धालुओं और यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने में ब्रिगेड की भूमिका को सराहनीय बताया। इसके साथ ही पीईटी परीक्षा-2026 के दौरान अभ्यर्थियों और आमजन को चिकित्सीय सहायता देने में ब्रिगेड सदस्यों के योगदान की भी प्रशंसा की।

प्रशिक्षण सत्र में डिविजनल कमांडर (मेडिकल) एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष अग्रवाल ने सदस्यों को प्राथमिक चिकित्सा, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन और जीवनरक्षक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी।

शिविर के सफल संचालन में मंडल सचिव आलोक कुमार वर्मा, सार्जेंट विजय कुमार, कॉरपोरल अमित कुमार मौर्य और पवन कुमार तथा मीडिया प्रभारी संदीप कुमार केसरवानी सहित अन्य अधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों को प्राथमिक चिकित्सा, आपातकालीन राहत, अनुशासन और मानवीय सेवा के प्रति अधिक दक्ष बनाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर रेल यात्रियों और आम नागरिकों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।