भैया दूज पर रेलवे स्टेशन पर चला चेकिंग अभियान, महिला यात्रियों को किया जागरूक

कासगंज। भैया दूज और अन्य त्योहारों पर रेलवे स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़, विशेषकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार को रेलवे स्टेशन कासगंज पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे, अनुभाग आगरा के निर्देश पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने डॉग स्क्वॉड तथा मेटल डिटेक्टर टीम के साथ स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की।

जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान महिला यात्रियों और उनके साथ यात्रा कर रहे परिजनों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें सलाह दी गई कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं न लें और अपने सामान व कीमती वस्तुओं पर विशेष नजर रखें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई।

इसके साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को भी पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। चेकिंग अभियान में जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक गुलाब सिंह राणा सहित जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौजूद रहे।